मोदीपुरम (मेरठ)। पल्लवपुरम में शनिवार रात साढ़े नौ बजे रुड़की शादी में जाने के दौरान हुए विवाद में ऋतिक पर उसके दोस्त गोल्डी उर्फ़ गोलू ने फायरिंग कर दी। हमले में दो कूल्हे और एक पैर में तीन गोलियां लगने से ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पल्लवपुरम थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है
घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के पल्हैडा चौराहे के पास उस वक्त हुई जब देव कुंज कॉलोनी निवासी ऋतिक पुत्र लाल सिंह और मोदीपुरम पुष्प विहार कॉलोनी निवासी गोलू रुड़की शादी में शामिल होने के लिए अन्य दोस्तों के साथ जा रहे थे। दोस्तों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गोलू ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोली चला दी। कई राउंड फायरिंग से पल्हेड़ा चौराहा पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद आरोपी ऋतिक को छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि रास्ते में ही शराब पीने के दौरान दोस्तों में विवाद हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।