संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। नेशनल कैपिटल रीजन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक और अभिव्यक्ति कौशल के विकास के उद्देश्य से इच्छामृत्यु विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। न्यायिक चिकित्सा एवं विषविज्ञान विभाग की ओर से इसी विषय पर तैयार की गई स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
आयोजन चेयरपर्सन एवं रेडियो विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी अग्रवाल, फॉरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार और फॉरेंसिक विभाग की फैकल्टी के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने इच्छामृत्यु के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए इसके चिकित्सकीय, नैतिक, सामाजिक और कानूनी पहलुओं पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वेश टंडन रहे। उन्होंने इच्छामृत्यु जैसे संवेदनशील विषय पर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों और मानवीय मूल्यों पर विचार रखे। महाविद्यालय के डायरेक्टर जनरल अश्विनी शर्मा और प्रिंसिपल डॉ. शैलेश कुमार गोयल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
न्यायिक चिकित्सा एवं विषविज्ञान विभाग द्वारा इच्छामृत्यु विषय पर तैयार की गई स्मारिका का विमोचन डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने किया। स्मारिका में इच्छामृत्यु से जुड़े चिकित्सकीय, नैतिक, सामाजिक एवं कानूनी पहलुओं को शामिल किया गया है।