मवाना। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह ने लखनऊ स्थित शिक्षा निदेशालय में माध्यमिक शिक्षा के निदेशक प्रताप सिंह बघेल से औपचारिक भेंट की। शिक्षक नेता ने प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों की कार्यप्रणाली, शिक्षकों के स्थानांतरण और छात्र-शिक्षक हित से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर निदेशक से विचार-विमर्श किया और उनके समयबद्ध समाधान की मांग उठाई। चौधरी नरेश पाल सिंह के साथ शिक्षक प्रतिनिधि अजय चौधरी और इंद्रपाल सिंह भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल की मांगों एवं समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी प्रस्तुत प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराने और उसके उपरांत नियमानुसार त्वरित व आवश्यक कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन दिया।