शिवभक्तों की आस्था के रास्ते में बदहाल सड़क, जिम्मेदार बेखबर
उखड़ी सड़क पर नंगे पैर चलेंगे कांवड़िये
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। सरकार ने कांवड़ यात्रा से पहले कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए थे, ताकि नंगे पैर चलने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बावजूद खादर क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों को जोड़ने वाला मखदूमपुर-नया गांव संपर्क मार्ग अब भी बदहाल बना हुआ है। सड़क उखड़ी होने और उस पर बिखरे पत्थरों के कारण कांवड़ियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मखदूमपुर से नया गांव तक जाने वाला यह संपर्क मार्ग खादर क्षेत्र के लगभग दो दर्जन गांवों की जीवनरेखा है। सावन में इन्हीं गांवों के हजारों श्रद्धालु इसी रास्ते से हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए जाते हैं। एक वर्ष से अधिक समय पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क निर्माण के लिए इसे उखाड़ दिया था, लेकिन कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका। इस सड़क पर लगातार हो रहे हादसों के बाद भी सरकारी सिस्टम अभी सो रहा है।
ग्रामीण सुदेश कुमार, सरदार सुंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, जज सिंह, पंकज चौधरी आदि का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही हजारों शिवभक्त इसी मार्ग से गुजरेंगे। नंगे पैर चलने वाले कांवड़ियों के लिए सड़क पर बिखरे पत्थर किसी कांटे से कम नहीं हैं।
बयान..
बरसात के कारण सड़क पर ब्लैक टॉप का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा और सड़क को जल्द पूरा कर दिया जाएगा। -सत्येंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि