सीसीएसयू में दाक्षोत्सव का समापन, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षोत्सव का समापन बुधवार को विश्वविद्यालय के अटल सभागार में हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का भी महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि दीक्षोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता तथा व्यक्तित्व विकास को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कुलपति ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें। इससे उनमें टीम भावना, नेतृत्व कौशल, रचनात्मक चिंतन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जो भविष्य में उन्हें सफल नागरिक एवं सक्षम पेशेवर बनने में सहायता प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के अंत में कुलपति ने आयोजन समिति, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद, विभिन्न समन्वयकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन से पूर्व छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।