दिग्विजय भाटी, तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय और सिविल लाइन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय और सिविल लाइन थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर पिटाई के आरोप की जांच एडीजी भानु भास्कर ने डीआईजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह को सौंपी है। एडीजी ने उन्हें घटनास्थल का मुआयना कर और सभी पक्षों से बात कर जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने मेरठ पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह, जिन्हें मामले की जांच सौंपी गई है।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित कुमार ने एसएसपी अविनाश पांडेय और सिविल लाइन थाने के प्रभारी अखिलेश गौड़ पर पीटने और यातनाएं देने के आरोप लगाए। एडीजी ने बताया कि डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने जानकारी दी है कि बुधवार को एसएसपी मेरठ के कार्यालय में किसी बात पर विवाद हुआ था। वाद-विवाद के बाद बात बिगड़ गई। इसके बाद मारपीट के आरोप का मामला सामने आया है। मामला संज्ञान में आते ही इस मामले की जांच डीआईजी रेंज सहारनपुर को दे दी गई है। वह जल्द जांच रिपोर्ट देंगे। जांच रिपोर्ट के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
सपा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के बाद इस मामले में एडीजी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों ने भी उनसे इस संबंध में बात की है। उन्हें भी जांच के संबंध में जानकारी दे दी गई है।
डीआईजी अभिषेक सिंह पहुंचे मेरठ एसएसपी ऑफिस
सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह लगभग साढ़े चार बजे एसएसपी ऑफिस पहुंचे। लगभग एक घंटे जांच-पड़ताल और पूछताछ के बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायतकर्ताओं से बात की। डीआईजी देर शाम तक मामले की जांच-पड़ताल में लगे थे।
अविनाश पांडेय के स्थानांतरण के बाद लगे आरोप
दिग्विजय भाटी और मोहित कुमार बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। घटना भी उसी दिन की है। बृहस्पतिवार शाम अन्य आईपीएस अधिकारियों के साथ एसएसपी अविनाश पांडेय का स्थानांतरण कर दिया गया। इसके बाद मारपीट व यातना देने के आरोप का मामला सामने आया। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ये भी देखें...
Meerut: 'चोली के पीछे क्या है' गाने पर कराया डांस, आंख पर मारी लात..., दिग्विजय भाटी के आरोप कितने सच?