रिजल्ट आने के बाद खुशी में उछलते विद्यार्थी।
- फोटो : amar ujala
इस बार सीबीएसई 12वीं के नतीजे नंबरों के हिसाब से बंपर साबित हुए। 50 से अधिक स्कूलों के छात्रों ने 90 प्रतिशत या इससे ऊपर छलांग अंक हासिल किए है। स्कूल इस पर गदगद हो रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले नतीजे अच्छे आए हैं। मेरठ के लिहाज से बात की जाए तो टॉपर ने 2016 की तुलना में ढाई प्रतिशत अंक ज्यादा अर्जित किए। अब ग्रेजुएशन में एडमिशन के लिए कटऑफ और मेरिट की फाइट देखने को मिलेगी।
दीवान पब्लिक स्कूल के 91 छात्रों ने 90 प्रतिशत या इससे ज्यादा अंक हासिल किए हैं। 39 छात्र-छात्राओं ने विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। फाइन आर्ट, म्यूजिक, साइकोलॉजी में छात्रों का अच्छा प्रदर्शन रहा। फैशन स्टडीज में अच्छे नंबर आए हैं। एमपीएस गर्ल्स विंग शास्त्रीनगर की 59 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। सेंट जोंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल नौ छात्र-छात्राओं के अंक 90 फीसदी से ऊपर रहे।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, मिलेनियम पब्लिक स्कूल, आईआईएमटी एकेडमी, केएल इंटरनेशनल, केंद्रीय विद्यालय स्कूल के बहुत से छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। गणित और अंग्रेजी विषय में 100 में से 100 अंक कई छात्रों के आए हैं। 90 फीसदी के आसपास अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या कई सौ है। दीवान पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एचएम राउत का कहना है किसी भी स्कूल का रिजल्ट इस बात पर निर्भर करता है कि 90 या उससे अधिक प्रतिशत अंक लाने वाले छात्रों की संख्या कितनी है।
एडमिशन में होगी फाइट
पिछले साल से बेहतर रिजल्ट होने की वजह से ग्रेजुएशन में एडमिशन के लिए फाइट होनी तय है। अच्छे अंक लाने वाले छात्रों की प्राथमिकता दिल्ली विश्वविद्यालय के अच्छे कॉलेजों में एडमिशन पाना होती है। वह एडमिशन की लाइन में हैं। कटऑफ पर नजर टिकी है। आईसीएसई का रिजल्ट सोमवार को आ रहा है। उसकी प्रतिशत भी अच्छी रहने का अनुमान है।