मेरठ। आसाम में आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी के एक मुकाबले में मेरठ के 15 वर्षीय दायें हाथ के ऑफ स्पिनर निर्देश बसौया ने एक ही पारी में दस विकेट लेकर नया कीर्तिमान बना डाला। उन्होंने मेघालय की ओर से खेलते हुए नागालैंड के बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। अमर उजाला से फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने अपने प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। साकेत निवासी निर्देश के पिता रामवीर सिंह नोएडा विकास प्राधिकरण में कार्यरत हैं।
निर्देश ने कहा पिछले तीन साल से वह भामाशाह पार्क में अभ्यास कर रहे हैं। कोच संजय रस्तोगी ने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी करने की भी सलाह दी थी। कोच ने कहा आने वाला समय ऑलराउंडर का होगा। बकौल निर्देश मैंने हमेशा अपने कोच के निर्देेशों का पालन किया। 10 विकेट के साथ पहली पारी में 68 रन भी बनाए। निर्देश ने बताया कभी सोचा नहीं था कि विपक्ष की पूरी टीम को आउट कर पाऊंगा। परिवार में पापा रामवीर और मां बाला देवी सहित चार बहन-भाइयों ने पूरा सपोर्ट किया। मम्मी-पापा ने हमेशा क्रिकेट को लेकर सकारात्मक रवैया अपनाया। जिसके चलते घरेलू क्रिकेट में यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने बताया कि अंडर-19 टीम में जाना लक्ष्य है।
गेस्ट प्लेयर बनकर मेघालय की टीम में खेले
कोच संजय रस्तोगी ने बताया दो साल पहले यूपीसीए के लिये ट्रायल देने वाले निर्देेश को मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन की कॉल आ गई। जिसके बाद यूपीसीए द्वारा एनओसी दी गई। यूपीसीए सचिव युद्घवीर सिंह ने निर्देश को मेघालय टीम में खेलने का रास्ता साफ किया। अंडर-16 घरेलू क्रिकेट में उन्होंने नया कारनामा कर डाला। उसके अंदर कुछ करने की ललक है।