पुलिस की दबिश के दौरान कोल्हू संचालक धीर सिंह की एलानिया हत्या के बाद से मानपुर गांव में तनाव बना हुआ है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब धीर सिंह का शव गांव में पहुंचा तो ग्रामीणों ने इंसाफ पाने के लिए शव आईजी ऑफिस ले जाने का एलान कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद परिजन और ग्रामीण माने और अंतिम संस्कार किया।
कोल्हू संचालक धीर सिंह कश्यप की हत्या में पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों में पुलिस के प्रति जबरदस्त आक्रोश है। धीर सिंह पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज था। इसको लेकर कई बार विपक्षी मुकेश से तनातनी बनी थी। धीर सिंह के परिजनों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की।
लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की जिसके चलते दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ती गई। नौबत यहां तक आ गई कि रविवार को पुलिस के सामने ही दूसरे पक्ष ने धीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के सामने हत्या होने पर पीड़ित परिवार और ग्रामीण गुस्से में हैं।