दौराला - ग्रामीणों से वार्ता करते प्लांट मालिक। स्रोत : संवाद
दौराला। सकौती-जीतपुर मार्ग पर बने सीएनजी प्लांट के बाहर जीतपुर के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को टेंट लगाकर धरना दिया। प्लांट मालिक ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर वार्ता की और लिखित में जवाब दिया।
प्रधान अनीता देवी के अनुसार प्लांट से निकलने वाली मैली को सड़क किनारे खेतों में डाल दिया जाता है। सड़क पर भी मैली गिरी होने से हल्की बूंदाबांदी में ही सड़क पर फिसलन हो जाती है। इस पर बाइक सवार कई बार फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा गांव में मच्छर बढ़ रहे हैं, जिस कारण बीमारी फैलने की संभावना भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बुधवार और पांच दिन पहले भी प्लांट के बाहर हंगामा कर समस्याओं को दूर करने की मांग की थी, लेकिन कोई आश्वासन नहीं मिला।
बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने टेंट लगाकर धरना दिया। उन्होंने प्लांट मालिक के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लिखित में आश्वासन दिए जाने की जिद पर अड़े रहे। प्लांट मालिक विवेक गर्ग वार्ता के लिए पहुंचे। उन्होंने गांव की दिशा में मैली नहीं डालने, सप्ताह में दो बार गांव में फॉगिंग कराने समेत ग्रामीणों की पांच मांग मान ली और लिखित में ग्रामीणों को जवाब दिया। इस पर ग्रामीणों ने लगभग चार घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान जयवीर सिंह, नीटू, ऋषि कुमार, महेश आदि मौजूद रहे।
दौराला - ग्रामीणों से वार्ता करते प्लांट मालिक। स्रोत : संवाद