आज गंगानगर के लिए होगा आचार्यश्री का मंगल विहार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आचार्य सौरभ सागर का वर्षा योग श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को आचार्य का सुबह 6 बजे जैन बोर्डिंग हाउस रेलवे रोड से दिगंबर जैन मंदिर तोपखाना के लिए मंगल विहार हुआ। यहां सुबह 9 बजे मंगल प्रवचन, दोपहर 3 बजे शंका समाधान और शाम 6:30 बजे गुरु भक्ति का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री की चरण वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिगंबर जैन मंदिर तोपखाना में प्रवचन करते हुए आचार्य सौरभ सागर ने कहा कि धर्म के साथ धन कमाओ और कमाए हुए धन को धर्म में लगाओ, इससे धन भी बढ़ेगा और पुण्य भी बढ़ेगा। पुण्य आत्मा को पवित्र और निर्मल कर सुखद परिणाम देता है। प्रत्येक गृहस्थ का कर्तव्य है कि वह पाप के त्याग के मार्ग पर चले और पुण्य का अर्जन करें। सत्कर्म और अच्छे भाव मनुष्य को सुख और शांति प्रदान करते हैं।
पुष्प वर्षा योग समिति मेरठ महानगर के चेयरमैन सुरेश जैन रितुराज ने बताया कि आज प्रातः छह बजे आचार्य का मंगल विहार दिगंबर जैन मंदिर तोपखाना से वर्धमान एकेडमी, राधा गार्डन, गंगानगर के लिए होगा। वहां बच्चों को संबोधित करने के बाद आचार्य वर्धमान एकेडमी से दिगंबर जैन मंदिर गंगानगर के लिए मंगल विहार करेंगे। दो से 4 सितंबर तक आचार्यश्री का मंगल प्रवास दिगंबर जैन मंदिर गंगानगर में रहेगा।
इस दौरान प्रदीप जैन, योगेंद्र जैन, सुरेंद्र जैन, अनिल जैन कक्कू, रितेश जैन, प्रेमचंद जैन, अक्षय जैन, अनिल जैन, राकेश जैन, अनिल जैन दास, हंस कुमार रहे।