बिजनौर। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। ऐसे में अब धामपुर सीएचसी प्रदेश स्तर पर छा गई है। प्रदेश में धामपुर और अयोध्या की पुरा बाजार सीएचसी को एनक्यूएस प्रमाण पत्र मिला है। धामपुर पहली सीएचसी है, जिसे एनक्यूएएस प्रमाण पत्र दिया गया है। अब इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाएगा।
केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र दिया जाता है। यह प्रमाण पत्र उन्हें ही दिया जाता है, जिनमें मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं। धामपुर सीएचसी को भी एनक्यूएएस प्रमाण पत्र देने के लिए आवेदन किया गया था। जिसका केंद्र की टीम ने 13 से 15 जुलाई 2023 तक निरीक्षण किया था। उसका अब परिणाम जारी कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 विभागों की व्यवस्थाएं बेहतर दिखाकर निरीक्षण कराया गया था। डॉ. हितेंद्र वर्मा ने बताया कि अयोध्या की पुरा बाजार सीएचसी और बिजनौर की धामपुर सीएचसी को साल 2023 में एनक्यूएएस प्रमाण पत्र दिया गया है।
- धामपुर सीएचसी को मिले 12 विभागों के मिले इतने अं
केंद्र की टीम ने 12 विभागों की रेटिंग भी जारी की है। निरीक्षण में धामपुर सीएचसी की इमरजेंसी, ओपीडी, आईपीडी, लैब, रेडियोलॉजी, फार्मेसी, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, बीएसयू, एनबीएसयू विभागों के 78.87 प्रतिशत अंक दिए गए हैं। जबकि प्रसव कक्ष के 85 प्रतिशत और मातृत्व ओटी के निरीक्षण में 80 प्रतिशत अंक दिए गए हैं।
- अयोध्या की पुरा बाजार सीएचसी को नौ विभागों के मिले अंक
अयोध्या की पुरा बाजार सीएचसी का 20 और 21 जुलाई को केंद्र की टीम ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पुरा बाजार सीएचसी की इमरजेंसी, ओपीडी, आईपीडी, लैब, रेडियोलॉजी, फार्मेसी, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन विभाग के 86.18 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जबकि प्रसव कक्ष को 90 प्रतिशत अंक दिए गए।
- वर्जन : धामपुर सीएचसी जिले की पहली सीएचसी है, जिसे एनक्यूएस प्रमाण पत्र मिला है। स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इस सीएचसी पर प्रसव, मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था ठीक की जा रही है। अन्य सीएचसी को भी एनक्यूएएस प्रमाण पत्र के लिए बेहतर किया जा रहा है। -डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिजनौर