खरखाली गांधी गंगा घाट पर श्रद्धालु स् नान कर धर्म लाभ अर्जित करते हुए। (परीक्षितगढ)
परीक्षितगढ़। कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को गांव खरखाली गांधी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने रीति रिवाज के अनुसार गंगा में स्नान कर धर्म लाभ उठाते हुए बच्चों का मुंडन कराया। मां गंगा का नजारा अद्भुत नजर आया। मां गंगा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
खरखाली गांधी गंगा घाट पर मंगलवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं ने स्नान कर अपने पूर्वजों की आत्मा शांति के लिए दीप व पिंडदान किया। दीपदान से गंगा घाट जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने विधिविधान मां गंगा की पूजा-अर्चना करते हुए रीतिरिवाज से बच्चों का मुंडन कराया। नवविवाहित जोड़ों ने पूजा-अर्चना के बाद मां गंगा से जीवन में सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर धर्म लाभ भी अर्जित किया। डेरों में बनी खिचड़ी का प्रसाद जगह-जगह श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। गंगा में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु अपने गंतव्य को लौटने लगे।