संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। शिव मंदिर रेलवे स्टेशन मैदान में राम लखन रंगमंच कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में मंगलवार को भगवान श्रीराम के वनगमन का भावपूर्ण मंचन किया गया। पिता के वचन की मर्यादा निभाने के लिए श्रीराम के वन जाने, माता सीता और भाई लक्ष्मण के उनके साथ चलने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। सजीव अभिनय देखकर दर्शकों ने कलाकारों की सराहना की। रामलीला देखने के लिए परिसर में भीड़ उमड़ पड़ी।
अध्यक्ष हरपाल चौहान ने बताया कि मंचन में दिखाया गया कि भगवान राम पिता राजा दशरथ से वन जाने की आज्ञा लेते हैं। माता कौशल्या उन्हें अपनी माता से मिलकर जाने के लिए कहती हैं। वनवास की जानकारी मिलने पर माता सीता भी श्रीराम के साथ वन जाने का संकल्प लेती हैं। भाई लक्ष्मण भी अपनी माता सुमित्रा से आज्ञा लेकर उनके साथ चल पड़ते हैं। इसके बाद तीनों अयोध्या से वन की ओर प्रस्थान करते हैं।
रामलीला का शुभारंभ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नवीन शर्मा और समाजसेवी संजय गुप्ता ने भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कमेटी के महामंत्री ललित चौहान ने कहा कि रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, कर्तव्य और पारिवारिक मर्यादाओं का संदेश दिया जा रहा है। इस दौरान अमित चौहान, रजनीश, ज्योति, ओमपाल, मोहन, विपिन, प्रदीप, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।