नेशनल हाईवे एनएच-58 की सूरत बदलने वाली है। करीब 220 करोड़ रुपये खर्च कर अंडरपास, सर्विस रोड, वनवे ओवरब्रिज, एफओबी (फुट ओवरब्रिज), रेलवे पुल, अप्रोच रोड आदि बनाई जाएगी। इनमें खिर्वा बाईपास और पल्हैड़ा में फ्लाईओवर का काम भी शामिल है। कुछ काम तो एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के निर्देशन में शुरू भी हो गया है। सभी काम दो साल में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे हाईवे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाएं भी कम होंगी।
नेशनल हाईवे परतापुर बाईपास से लेकर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे तक 73 किमी का क्षेत्र है। इस हाईवे का निर्माण 2006 में चालू हुआ था और टोल टैक्स वसूली 2011 में शुरू हो गई थी। इसके बाद भी काफी काम रुका हुआ है। इस दौरान बिना काम पूरा हुए टोल टैक्स वसूली का विरोध भी होता रहा। क्षेत्रीय लोग और राजनैतिक संगठन कार्यों को पूरा करने की मांग करते रहे। अब एनएचएआई ने इसके लिए करीब 220 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम का जिम्मा सौंपा है। कुछ जगह पर काम शुरू भी हो गया है। सिवाया गांव में सर्विस रोड के लिए मकानों को हटाया जा रहा है। खतौली बाईपास पर जंक्शन बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा दादरी में अंडरपास, खिर्वा कंकरखेड़ा और पल्हैड़ा में फ्लाईओवर बनेंगे। इनके बनने से जाम से निजात मिलेगी और वाहन फर्राटा भरेंगे।