कहा- शादी करने की हिमाकत की, तो मैं तुम्हें जान से मार दूंगा
-पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। थाना क्षेत्र के एक गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरफिरे युवक ने एक युवती का धोखे से अश्लील वीडियो बना लिया। इस घिनौनी हरकत के बाद आरोपी ने न सिर्फ युवती को ब्लैकमेल किया, बल्कि वह वीडियो युवती के मंगेतर को भेजकर शादी करने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। इस खौफनाक धमकी और वीडियो के सामने आने के बाद पीड़ित युवती का तय हो चुका रिश्ता टूट गया है। सदमे में आई पीड़िता की तहरीर पर जानी थाना पुलिस ने बेहद गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती द्वारा पुलिस को दी गई लिखित तहरीर के अनुसार, यह पूरा विवाद कुछ समय पहले शुरू हुआ था। कुछ माह पहले पीड़िता के भाई की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी पुनीत ने युवती की नहाते हुए की वीडियो बना ली थी। आरोप है कि इसके बाद वह लगातार युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी खुद को सिरफिरा आशिक बताता है। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे अंजाम भुगतने और उसकी शादी कहीं और न होने देने की खुली धमकी दी। लोक-लाज के डर से पीड़िता उस समय खामोश रही, लेकिन आरोपी के हौसले लगातार बढ़ते गए।
कुछ समय पहले युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता तय कर दिया। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं और खुशियों का माहौल था। लेकिन जैसे ही इसकी भनक आरोपी को लगी तो उसने साजिश के तहत युवती के मंगेतर का नंबर निकाला और उसे वह अश्लील वीडियो व्हाट्सएप पर भेज दिया, साथ में यह धमकी भी दी कि अगर तुमने इस लड़की से शादी करने की हिमाकत की, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। मैं तुम्हें जान से मार दूंगा।
इस अश्लील वीडियो और गंभीर धमकी के बाद मंगेतर और उसका परिवार बुरी तरह सहम गया। उन्होंने यह रिश्ता तत्काल तोड़ दिया। शादी टूटने के बाद पीड़िता का परिवार पूरी तरह टूट गया। पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और जानी थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पुनीत के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की दो टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है ताकि वीडियो को आगे फैलने से रोका जा सके। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-