छूट की तरफ बढ़ेगा अनलॉक -1
पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मेरठ कंटेनमेंट जोन में है। लेकिन इससे आम आदमी को दिक्कत हो रही है। यह उनके संज्ञान में आया है। ऐसे में शहर के अंदर जहां अभी तक कोई केस नहीं मिले हैं या बहुत कम केस मिले हैं वहां पर सामान्य व्यापारिक व आर्थिक गतिविधियों को शुरू किया जाएगा। जिसका फैसला एक-दो दिन में हो जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने स्वीकार किया कि इसके लिए हम पूरी तरीके से तैयार हैं। उन्होंने कहा हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक है इसलिए इसके साथ जीने की आदत डालनी होगी। मास्क आदि का प्रयोग अब अपनी जीवनशैली में लाना होगा। सरकार ने निर्णय लिया है कि एक संक्रमण से पूरा मोहल्ला जो पहले हॉटस्पॉट बनाकर सील किया जाता था अब सिर्फ उस मोहल्ले के 250 मीटर एरिया को सील किया जाएगा। यदि वहां पर किसी के अंदर कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं मिल रहे हैं तो जांच नहीं होगी।
वहीं एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच पूरा तालमेल है। लगातार वह जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद स्थापित किए हुए हैं। यदि फिर भी ऐसी स्थिति है तो उसे ठीक किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि कोरोना वायरस के दौरान यह बात सही है कि रोजगार चले गए हैं। लेकिन कोई भूखा न रहे। इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से बनी रहे यह सरकार की प्राथमिकता है। इसी के साथ जो बेरोजगार हुए हैं उनको रोजगार उपलब्ध कराने की तरफ भी प्रदेश सरकार काम कर रही है। इसके लिए एमएसएमई सेक्टर में 13 लाख करोड़ का पैकेज उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि आगरा के बाद मेरठ में सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट है। यहां पर सबसे ज्यादा मौत हुई है लेकिन, फिर भी आंकड़ों सुधार आ रहा है। कोरोना वायरस के अलावा दूसरे रोगों का इलाज ना मिलने के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हॉटस्पॉट एरिया में ही दिक्कत ज्यादा है। लेकिन अब इस तरफ भी सरकार ने कार्य योजना तैयार कर ली है। दूसरे जनपदों में काम शुरू हो चुका है और मेरठ में भी इस पर काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/