कांग्रेस नेता शशि थरुर के बयान का देवबंदी उलमा ने समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उलमा का कहना है कि पीएम चौकीदार होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन चौकीदारी का हक अदा नहीं कर रहे हैं। थरुर ने कहा था कि भारत में कई जगहों पर मुस्लिमों की तुलना में गाय ज्यादा सुरक्षित हैं।
सोमवार को फतवा ऑनलाइन के चेयरमैन मौलाना मुफ्ती अरशद फारुकी ने देश में होने वाली मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि मुल्क में जिस तरह के हालात पैदा हो रहे हैं वो लोकतांत्रिक देश के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरुर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि गाय के नाम पर इंसानों का कत्ल किया जाना देश के लिए खतरनाक है। इंसानों से ज्यादा जानवरों को तवज्जो दी जा रही है। इसलिए अब यह सोचना जरूरी हो गया है कि यह मुल्क कहां जा रहा है। सभी को मिलकर मुल्क के बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए कोशिशें करनी चाहिए।