राजस्थान के अलवर से बीजेपी विधायक बनवारी लाल सिंघल के मुसलमानों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर देवबंदी उलेमा ने सख्त नाराजगी का इजहार किया है। उलेमा का कहना है कि बीजेपी का बयान मुल्क की हिंदू मुस्लिम एकता को तोड़ने वाला और नफरत को बढ़ावा देने वाला है। इसलिए केंद्र व राज्य सरकार को करना चाहिए कि वे बीजेपी विधायक के बयान का संज्ञान लेकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
सोमवार को दारुल उलूम फारुकिया के मोहतमिम मौलाना नूरुलहुदा कासमी ने कहा कि आरएसएस, बीजेपी और उसके सहयोगी संगठन लगातार इस्लाम और मुसलमानों को साजिश के तहत निशाना बनाने का काम कर रहे हैं। इन दलों के नेता सच से आंख चुराकर मुसलमानों पर अनर्गल आरोप लगाते हुए गलत बयानबाजी कर रहे हैं जिससे मुल्क में नफरत का माहौल बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक, बहुविवाह और हलाला मुसलमानों के धार्मिक मामले हैं।
पढ़ें : विवादित कलेंडर से आगबबूला हुए देवबंदी उलमा, कहा- मुस्लिम धर्म स्वीकार करें हिंदू
बता दें कि बीजेपी विधायक बनवारी लाल सिंघल ने हिंदू परिवारों से अपील की है कि मुसलमानों को अपने घर में न घुसने दें। क्योंकि मुस्लिम आमतौर पर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहते हैं। साथ ही कहा कि मैं किसी मुस्लिम को न ही अपने घर आने देता हूं और न ही अपने कार्यालय में। यहां तक की मैं उनका वोट भी नहीं मांगता।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/