उत्तर प्रदेश के देवबंद में सोमवार दोपहर राशन वितरण को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसमें एक सभासद समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराते हुए घायलों को उपचार के लिए सीचएसी में भर्ती कराया।
सोमवार रात्रि मोहल्ला पठानपुरा स्थित सभासद शराफत के निवास पर डीलर द्वारा राशन वितरण के लिए पर्ची बनाई जा रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे मोहल्ले के ही सलमान और शहजाद ने सभासद शराफत पर राशन कार्ड में अपनी यूनिट कम कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि सभासद द्वारा आपूर्ति विभाग से सांठगांठ कर राशन वितरण में धांधली की जा रही है। जबकि सभासद का कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। राशन वितरण की प्रक्रिया डीलर द्वारा की जाती है। कहासुनी के बाद सलमान पक्ष और सभासद पक्ष के समर्थकों के बीच मारपीट होने लगी। जिसमें सभासद समेत कई लोग घायल हो गए।
झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।