देवबंद में इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम ने लॉकडाउन में आ रहे रमजान माह को लेकर देशभर के मुसलमानों के लिए फतवा जारी किया है। जिसमें मुसलमानों से रमजान की विशेष नमाज तरावीह घरों में ही रहकर अदा करने को कहा है।
कोरोना संक्रमण के चलते देशभर में लॉकडाउन घोषित है। जिसके चलते सभी धार्मिक स्थलों को भी एहतियात के तौर पर बंद किया गया है। मुस्लिमों का रहमत और बरकत वाला मुकद्दस रमजान का महीना भी शुरू होने वाला है।
रमजान में अदा की जाने वाली विशेष नमाज तरावीह को लेकर दारुल उलूम ने रविवार को फतवा जारी किया है। जिसमें देशभर के मुसलमानों को हिदायत दी है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए शासन-प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना जरुरी है। इसलिए तरावीह की नमाज भी अन्य नमाजों की तरह घरों में अदा की जाए।
फतवे में कहा गया है कि यदि घर पर जमात की व्यवस्था न हो तो इस सूरत में अकेले तरावीह की नमाज पढी जा सकती है। मुफ्तियों ने यह भी कहा कि ईदुल फितर की नमाज के बारे में रमजान माह के अंतिम सप्ताह में परिस्थितियों को देखकर फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने सभी से रमजान में कुरआन पाक की खूब तिलावत करने और अल्लाह से मुल्क की हिफाजत, अमनो अमान व खुशहाली के लिए दुआ करने की अपील की है।