सुबह घना कोहरा, रात को बारिश, बढ़ी ठिठुरन
मोदीपुरम। नए साल का स्वागत कड़ाके की ठंड से होने जा रहा है। रविवार सुबह घना कोहरा रहा तो दिन भर शीतलहर चली। रात को बारिश से ठिठुरन और बढ़ गई।
सुबह से ही कोहरा छाने से हाईवे और शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी रही। दस बजे के बाद कोहरा छंटा तो धूप निकली, लेकिन शीतलहर का असर ज्यादा रहा और राहत नहीं मिली। शाम होते-होते मौसम और सर्द हो गया। रात को मौसम बदल गया और कहीं बूंदाबांदी तो कहीं फुहार और बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों में सर्दी का प्रकोप अधिक बढ़ेगा। दिन व रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज होगी। तापमान दो डिग्री तक जा सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से 31 दिसंबर तक शीतलहर के साथ कोहरा और धुंध रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ बनने से बारिश होने के भी आसार हैं।
दो जनवरी तक बंद रहेंगे 13 हॉट मिक्स प्लांट
जंगेठी में प्लांट सील, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर खुले में मिला सामान
मोदीपुरम। लगातार बढ़ते एक्यूआई के चलते जिलाधिकारी के. बालाजी ने जिले में चल रहे सभी 13 हॉट मिक्स प्लांट बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जंगेठी गांव में प्रदूषण फैला रहे हॉट मिक्स प्लांट को प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने सील कर दिया। इस प्लांट के पास एनओसी भी नहीं थी। वहीं, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की डस्ट व अन्य सामान खुले में पड़ा मिलने पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने बोर्ड मुख्यालय को जुर्माने की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार ने बताया कि एक्यूआई फिर बढ़ गया है। शनिवार के 322 के मुकाबले यह रविवार को 369 रहा। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की निर्माण सामग्री पर छिड़काव नहीं करने को लेकर पहले भी नोटिस दिया गया था, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। संवाद