सरधना। खिर्वा जलालपुर गांव में मामूली विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित पक्ष ने रविवार को थाने में प्रदर्शन किया। आरोप है कि घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और पीड़ित पक्ष को धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
पीड़ित राजकुमार पुत्र बुद्ध प्रकाश ने बताया कि 19 जून को उसका पुत्र लक्ष्य अपने दोस्तों के साथ दुकान से सामान लेने जा रहा था। रास्ते में गांव के कुछ दबंग लोगों ने उसे रोका, गाली-गलौज की और विरोध करने पर बेरहमी से पीटा। बीचबचाव के दौरान गांव निवासी काके पुत्र टल्लू भी घायल हो गया। आरोपियों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। राजकुमार ने गांव के ही अनिल, दीपक और माही के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।