संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन राजकीय पॉलिटेक्निक जसड़ की चहारदीवारी का सीमांकन अब तक नहीं होने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं लेकिन अभी तक सीमांकन की कार्रवाई शुरू नहीं हुई।
परियोजना प्रबंधक रंजीत कुमार ने उप जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि कार्यालय द्वारा पूर्व में कई पत्र भेजकर सीमांकन के लिए संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया था। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय अभियंता हितेश कुमार शर्मा ने भी कई बार लेखपाल और कानूनगो से संपर्क के बावजूद सीमांकन कार्य शुरू नहीं हो पाया। इससे कैंपस का निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। इसी क्रम में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक दौराला की प्रधानाचार्य ने अपूर्ण निर्माण कार्य के माध्यम से चहारदीवारी के सीमांकन के लिए प्रशासन से अनुरोध किया है।
परियोजना प्रबंधक ने दोबारा अनुरोध किया है कि राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देश जारी किए जाए ताकि पॉलिटेक्निक की बाहरी चहारदीवारी का निर्माण बिना देरी पूरा कराया जा सके और परियोजना की प्रगति प्रभावित न हो। एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर ने तहसीलदार को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।