थाने में तहरीर देते पीड़ित पक्ष और आरोपी को ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में बागपत जिले के मोहल्ला नई बस्ती में प्राइवेट चिकित्सक से युवक ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मंगलवार को आरोपी युवक अपने तीन साथियों के साथ रंगदारी वसूलने चिकित्सक के घर पहुंच गया और तमंचे से परिवार को आतंकित कर रंगदारी देने का दबाव बनाया। मोहल्ले के लोगों ने दो युवकों को दबोच लिया जबकि दो युवक तमंचे लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। इस मामले में दो युवकों को नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष और नई बस्ती बागपत निवासी डॉ. रियासत अली पुत्र फीजे ने बताया कि वह प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। 16 सितंबर को घर पर मां शमीना मौजूद थी। इसी दौरान मोहल्ले का ही काला पुत्र सनव्वर तमंचा लेकर घर में घुस आया। उसने आते ही गाली गलौच शुरू कर दी और धमकी देकर चला गया कि तीन दिन के अंदर दो लाख रुपये दे देना नहीं तो डॉ. रियासत अली को गोली से उड़ा दूंगा। मां ने उन्हें इस बारे में बताया, तो उनका परिवार भयभीत हो गया। 17 सितंबर को डॉ. रियासत अली अपने क्लीनिक पर मरीज देख रहे थे। इसी दौरान काला, शाहनवाज व दो अज्ञात लोग क्लीनिक पर तमंचे लेकर आए। उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकी दी कि तीन दिन का समय दिया था और दो दिन हो गए हैं। सुबह होने तक दो लाख रुपये का इंतजाम कर देना नहीं तो अंजाम बुरा होगा। 18 सितंबर को सुबह आठ बजे चारों आरोपी चिकित्सक के घर पर रंगदारी वसूलने पहुंचे और तमंचे से आतंकित कर उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर भीड़ जमा हो गई। दो युवक तमंचे लेकर भाग निकले, लेकिन काला व शाहनवाज को लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। डॉ. रियासत ने काला, शाहनवाज व दो अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है। चिकित्सक को पूर्ण सुरक्षा दी जाएगी।