भाकियू इंडिया के कार्यकर्ता तहसीलदार को ज्ञापन देते हुए। (मवाना)
भाकियू इंडिया के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भाकियू इंडिया के कार्यकर्ताओं ने गन्ने से लदे ओवर लोड ट्रकों के संबंध में तहसीलदार निरंकार सिंह को ज्ञापन देकर ओवर लोड ट्रकों के नगर के अंदर प्रवेश पर रोक लगाने और कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र ने एसडीएम को पत्र लिखकर ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाकियू इंडिया के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को दिए ज्ञापन में बताया कि गन्ना मिल का पेराई सत्र शुरू होते ही नगर के मध्य से ओवरलोड गन्ने के ट्रक निकलते हैं। जिनसे हादसे हो रहे हैं। ओवरलोड ट्रकों में गन्ना इतना अधिक लदा होता है कि ये हाईटेंशन लाइन को टच कर देते या फिर बिजली की लाइन को नुकसान पहुंचा देते हैं। कई बार ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रकों के कारण पूर्व में कई लोगों की जान जा चुकी है। ओवरलोड ट्रकों के कारण किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ज्ञापन में गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रकों के मवाना नगर में प्रवेश को रोके जाने और इन पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय सचिव कासिम जैदी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश यादव, प्रदेश प्रभारी सचिन गुर्जर आदि थे।
वहीं, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ने भी ओवरलोड ट्रकों से बिजली की लाइन और खंभों को पहुंच रहे नुकसान के संबंध में एसडीएम संतोष कुमार सिंह को पत्र लिखा है।