सरधना (मेरठ)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेने की सूचना पर पदाधिकारी मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए। एसडीएम सरधना ने मौके पर पहुंचकर पदाधिकारियों को काफी देर तक समझाया। तभी भाकियू पदाधिकारी 10 किलोमीटर की परिधि के क्षेत्र में ग्रामीणों व यूनियन के कार्यकर्ताओं काे टोल मुक्त कराने की मांग रखी। मांग पूरी नहीं होने पर पदाधिकारियों ने हंगामा करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता भूनी टोल प्लाजा फ्री कराते हुए धरने पर बैठ गए। राष्ट्रीय महासचिव को हिरासत से छोड़ने की सूचना पर पदाधिकारियों ने टोल प्लाजा के 10 किमी तक के दायरे के ग्रामीणों व भाकियू कार्यकर्ताओं को टोल फ्री करने की मांग रख दी। मांग पूरी करने से टोल प्रबंधन ने मना कर दिया।
उन्होंने एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार ही टोल की वसूली करने की बात कही। इसके बाद भाकियू जिलाध्यक्ष ने टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया और टोल प्लाजा पर खाने की व्यवस्था करते हुए भट्ठी चालू कर दी।
टोल प्लाजा पर धरना और हंगामा होने की जानकारी मिलने पर एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर, सीओ संजय कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे। पदाधिकारियों की मांग सुनकर टोल मैनेजर के साथ वार्ता की। वार्ता विफल होने पर एसडीएम व सीओ वापस मौके पर पहुंचे। भाकियू पदाधिकारियों ने टोल कर्मियों पर किसानों से अभद्रता का आरोप लगाते हुए टोल प्रबंधक नवीन हुड्डा को धरनास्थल पर ही बैठा लिया। हंगामा बढ़ते देख टोल मैनेजर ने माफी मांगते हुए मामले को शांत किया।
मांग की रिपोर्ट एनएचएआई को भेजी
टोल टेंडर कंपनी वीएमके के मालिक विनोद मलिक का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से किसानों व यूनियन के पदाधिकारियों को टोल शुल्क वसूली में छूट देने का कोई प्रावधान नहीं है। टोल कंपनी अपने स्तर पर छूट देकर अपना राजस्व कम करते हैं। हाईवे पर अधिकतर गाड़ी पर यूनियन का झंडा लगाने वाले टोल देने से इन्कार कर रहे हैं। यूनियन की मांग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेज दी गई है।
बीडीओ सरूरपुर व दौराला को बुलवाया
भाकियू पदाधिकारियों ने क्षेत्र के गांवों में अनियमितता को लेकर एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर से शिकायत करते हुए बीडीओ सरूरपुर व दौराला को मौके पर बुलाने की मांग की। एसडीएम ने दोनों ब्लाॅक के खंड विकास अधिकारियों को धरनास्थल पर बुलाया। यहां कार्यकर्ताओं ने समसपुर सुरानी के ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव पर विकास कार्यों में उपेक्षा का आरोप लगाया। काफी देर तक कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। एसडीएम ने जल्द ही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।