महंत श्री 1008 बिजेंद्र नाथ एवं विधायक अतुल प्रधान ने महंत विक्रम भगत का सम्मान करते हुए। (स्त्
फलावदा। गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ कस्बे के काले सिंह मंदिर परिसर में चल रहा 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया।
गुरु गोरखनाथ जाहरवीर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित अनुष्ठान के अंतिम दिन महंत गुरु विक्रम भगत की कठिन अग्नि तपस्या पूर्ण हुई। महंत का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम की शुरुआत महंत गुरु विक्रम भगत द्वारा गोमाता को फूल-माला पहनाने तिलक लगाने और पूरे विधिविधान से पूजा-अर्चना करने के साथ हुई। मंदिर परिसर में आयोजित भव्य महायज्ञ में आहुति प्रदान की गई और भंडारे का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी में महंत विक्रम भगत ने अपने चारों तरफ अग्नि जलाकर बैठकर कठिन तपस्या की। तपस्या पूर्ण होने पर मंदिर परिसर में स्वागत सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
गुरु गोरखनाथ ट्रस्ट के महंत श्री बिजेंद्र नाथ एवं विधायक अतुल प्रधान ने महंत विक्रम भगत को फूलमाला और पगड़ी पहनाई। संतों और जनप्रतिनिधियों ने उन पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर महंत गुरु विक्रम भगत ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन विधायक अतुल प्रधान को सौंपा, जिसमें गो माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाई।