फिटनेस उपकरणों की मांग में फिर इजाफा
मेरठ। कोरोना की दूसरी लहर के साथ बाजार में जिम, फिटनेस उपकरणों की मांग में इजाफा हो रहा है। संक्रमण के खतरे से बचने के लिए लोग फिटनेस सेंटर जाने से बच रहे हैं। घर पर ही व्यायाम का लाभ ले रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने ऑक्सीजन का स्तर नियंत्रित रखने के लिए व्यायाम करना शुरू कर दिया है। इसके चलते ट्रेडमिल, वॉकर, साइकिल व अन्य फिटनेस उपकरणों की मांग बढ़ी है।
मेरठ खेल उपकरणों सहित फिटनेस इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र हैं। बड़े स्तर पर मेरठ की औद्योगिक इकाइयों में जिम व फिटनेस उपकरण बनाए जाते हैं। जो स्थानीय बाजार से लेकर पूरे देश ही नहीं विदेशों में सप्लाई होते हैं।
चीन से नहीं आ रहा माल
फिटनेस उपकरणों की बढ़ती मांग के बीच बड़ा संकट चीन विवाद है। ट्रेडमिल की मोटर और पार्ट्स चीन से आते है। जिन्हें कारोबारी मेरठ में मंगाकर एसेंबल करके बेचते हैं। साइकिल, वॉकर व अन्य उपकरणों के एलॉय, रबड़ कुछ अन्य पार्ट्स भी चीन से आते हैं। उद्यमियों के पास ऑर्डर तो हैं लेकिन माल की शार्टेज हो रही है।
---
इन उपकरणों की है विशेष मांग
इलैक्ट्रॉनिक ट्रेडमिल, मेनुअल ट्रेडमिल, वॉकर, चाइनीज साइकिल, योग मैट, वेटिंग मशीन, मैनुअल साइकिल, बॉल, पावरग्रिप, थेरा बैंड,
टिवस्टर, डंबल, वेटलिफ्टिंग प्लेट्स, रॉड, बेंच आदि।
---
निर्यात, स्थानीय बाजार दोनों प्रभावित
लॉकडाउन के कारण चीन से पावर ग्रिप, थेरा बैंड नहीं आ रहा। हर दिन आर्डर के लिए फोन आते हैं लेकिन कच्चे माल और एसेंबलिंग पार्ट्स की कमी के चलते ऑर्डर देने में दिक्कत हो रही है। निर्यात और स्थानीय बाजार की मांग पूरी नहीं हो पा रही है। अश्विनी गेरा, उद्यमी
---
जिम उपकरणों की बिक्री अधिक
इस समय आउटडोर गेम्स के सामान तो नहीं बिक रहे, केवल जिम और फिटनेस उपकरणों की मांग है। लोगों ने घर पर ही मिनी जिम बनाना शुरू कर दिया है। डंबल, वेटलिफ्टिंग, प्लेट्स, रॉड, पावरग्रिप की मांग है। पिछली बार से भी अधिक मांग इस बार है।-अंबर आनंद, संचालक नेलको इंडस्ट्रीज