संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव नवाबगढ़ी में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन किसान सभा की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने की। बैठक में किसान, ग्रामीण, मजदूर और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़कों, टूटे नालों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बदहाली पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा। जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही सरधना तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को समस्या समाधान के लिए तय समय सीमा दी जाएगी। यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान शादाब खान को युवा तहसील सचिव नियुक्त किया गया। पदभार ग्रहण करने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। बैठक में प्रमुख गुप्ता, मनोज पाल, वीर सिंह भाटी, शहरोज मलिक, सरफराज अंसारी, साबिर अंसारी, आदिल अंसारी, आसिफ, आरिफ, शाहिद, आमिर मौजूद रहे।