मेरठ। परतापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (पीमा) के अध्यक्ष निपुण जैन ने प्रभारी मंत्री असीम अरुण से भेंट की। उन्होंने प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को पूर्ण स्वामित्व (फ्रीहोल्ड) दिए जाने का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। यह भेंट पीमा के संरक्षक रामकुमार गुप्ता के निवास पर हुई।
निपुण जैन ने मंत्री को बताया कि डीआईसी और यूपीसीडा के हजारों उद्योग लीज होल्ड व्यवस्था से जूझ रहे हैं। इससे उद्योगों के हस्तांतरण, बैंक ऋण, विस्तार और आधुनिकीकरण में कठिनाइयां आती हैं। नई तकनीक में निवेश तथा अगली पीढ़ी को व्यवसाय सौंपने में भी समस्याएं हैं। पूर्ण स्वामित्व व्यवस्था से उद्योगों को स्थायित्व मिलेगा और नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा। रामकुमार गुप्ता ने कहा कि लीज डीड के कारण उद्योगपतियों में असुरक्षा बनी रहती है। स्वामित्व की स्पष्टता न होने से दीर्घकालिक निवेश में हिचकिचाहट होती है। पूर्ण स्वामित्व नीति से औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
सरकार से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा
उद्योगपति राहुल गुप्ता ने कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार इस न्यायोचित मांग पर सकारात्मक निर्णय ले। विधायक अमित अग्रवाल ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए सरकार से गंभीरता से विचार करने को कहा। मंत्री असीम अरुण ने मुख्यमंत्री के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से रखने और पूर्ण स्वामित्व की सिफारिश करने का आश्वासन दिया।