हस्तिनापुर। मिर्जापुर निवासी गोरक्षक समिति के अध्यक्ष ठाकुर राजवीर सिंह तोमर ने अपनी टीम के साथ मिलकर क्षेत्र में बेसहारा गोवंशों के संरक्षण और गाोशालाओं के समुचित भरण-पोषण के लिए एक विशेष अभियान चलाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने तहसीलदार मवाना को एक पत्र सौंपकर प्रशासन से तत्काल उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पत्र के माध्यम से ठाकुर राजवीर सिंह तोमर ने अवगत कराया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बेसहारा गोवंश सड़कों, खेतों और आबादी वाले इलाकों में घूम रहे हैं। इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं गोवंशों का जीवन भी संकट में है। उन्होंने बताया कि मौजूदा गोशालाओं में संसाधनों की भारी कमी है। इसके चलते गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा, पानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
गोरक्षक समिति के अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि गोवंशों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए गोशालाओं में नियमित चारा व्यवस्था सुनिश्चित करने, आर्थिक सहायता प्रदान करने और जनसहयोग से एक विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है। इससे बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। समिति ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा। इस अवसर पर गोरक्षक समिति के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।