परीक्षितगढ़। गांव सिखेड़ा में एक समुदाय के युवकों द्वारा वाल्मीकि समाज के युवक पर हमला कर घायल करने के मामले में शनिवार को चेयरमैन अमित मोहन टीपू के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर रासुका लगाए जाने की मांग की।
चेयरमैन अमित मोहन टीपू ने ग्राम सिखेड़ा में पीड़ित संदीप से मुलाकात की। बताया कि वर्ग विशेष के शौकीन एवं उसके परिजनों ने संदीप उसकी पत्नी एवं बहन को धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया था। इस पर पुलिस ने तीन आरोपियों को जेल भेज दिया। हालांकि हमले के मुख्य तीन आरोपी अभी फरार हैं। चेयरमैन अमित मोहन टीपू ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर रासुका लगाए जाने की मांग की। वहीं, पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। यहां सोनू त्यागी, इंदरेश त्यागी, विजेंद्र लौहरे, अमित वाल्मीकि, नंदू वाल्मीकि, सुंदर गुर्जर, गुड्डू प्रजापति, दुष्यंत त्यागी, भूलेराम प्रजापति आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।