सरधना। कस्बा करनावल निवासी राकेश कुमार ने खेत में कार्य के दौरान गाली-गलौज और विवाद करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा।
प्रार्थना पत्र में राकेश कुमार पुत्र हरबीर शर्मा ने बताया कि उनकी कृषि भूमि में गेहूं की फसल बोई गई थी। आरोप है कि फसल कटाई के दौरान पड़ोसी किसान ने विवाद करते हुए फसल काटने से रोक दिया था। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई थी। इस पर जांच के बाद प्रशासन ने फसल कटाई कराने के आदेश दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी लगातार विवाद कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बटाईदार विनोद के साथ गाली-गलौज की गई तथा दो मई की रात खेत में पानी भर दिया। 10 मई को खेत में कार्य करते समय भी गाली-गलौज कर झगड़ा करने का प्रयास किया गया।
पीड़ित ने बताया कि मामले की सूचना सरूरपुर पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद ही कार्रवाई करने की बात कही। एसडीएम से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।