-चौधरी शिवनाथ सिंह शांडिल्य पीजी कॉलेज में हुई ग्राम प्रधानों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। चौधरी शिवनाथ सिंह शांडिल्य पीजी कॉलेज में सोमवार सचिव डॉ. अमित त्यागी की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना तथा महाविद्यालय में बीए, बीएससी एवं बीएससी कृषि पाठ्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करना था।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा ग्राम प्रधानों को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों, विषयवार अध्ययन व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, कृषि शिक्षा से संबंधित सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से बीएससी कृषि पाठ्यक्रम को ग्रामीण एवं कृषि पृष्ठभूमि से जुड़े विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक एवं व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।
प्राचार्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना महाविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वह अपने-अपने ग्रामों में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा बीए, बीएससी और बीएससी कृषि में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करें। आर्थिक अथवा अन्य कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की जाए।
बैठक में प्रधान संजीव शर्मा कासमपुर, मुंशी त्यागी नगली अब्दुल्ला, यतेंद्र शर्मा माछरा, गुलाम बक्शी बहरोडा, बलजोर प्रधान रछौती, पूर्व प्रधान यशवीर त्यागी रहदरा, वीरेंद्र सिंह बड़ागांव, अनुज त्यागी नगली अब्दुल्ला, तनवीर बड्ढा आदि रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, महाविद्यालय प्रशासन के सदस्य तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य हर गांव से उच्च शिक्षा की ओर हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर की भावना को साकार करना रहा।