सीसीएसयू ने ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के वार्षिक प्रणाली (बिना सेमेस्टर) वाले छात्र-छात्राओं को बैक परीक्षा का फॉर्म भरने का एक और मौका दिया है। वह पेपर देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकते हैं। बुधवार को परीक्षा समिति में इस फैसले पर मुहर लगा दी।
विवि की परीक्षा समिति ने निर्णय किया है कि ग्रेजुएशन रेग्युलर और प्राइवेट, पोस्ट ग्रेजुएशन में प्राइवेट छात्र जो 2016 की मुख्य परीक्षा के साथ बैक परीक्षा का फार्म नहीं भर पाए अथवा फार्म भरने के बाद किसी कारण से एक भी पेपर नहीं दे पाए, वह सात जनवरी तक परीक्षा फार्म भर सकते हैं। इसके अलावा यूएफएम के वह केस जिसका रिजल्ट आने में वक्त लगा और इस दौरान परीक्षा फॉर्म भरने की डेट निकल गई, वह भी सात जनवरी तक बैक परीक्षा का फॉर्म भर सकते हैं। उक्त छात्र मुख्य परीक्षा 2017 के साथ बैक परीक्षा दे सकेंगे। फॉर्म भरकर परीक्षा नहीं दे पाने का छात्रों को कारण बताना होगा। अनुमान है कि इस फैसले का असर कई हजार छात्रों पर पड़ेगा। वह अपनी समस्या लगातार उठा रहे थे। विवि ने उन्हें राहत दी है। उधर, सिंगल विषय से ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों के लिए भी एक फैसला हुआ। विवि ने सिंगल विषय से ग्रेजुएशन सिर्फ रेग्युलर करने का नियम बनाया था। परीक्षा समिति ने राहत देते हुए इसे प्राइवेट कर दिया है। दरअसल, बहुत से छात्र ऐसे हैं जिन्होंने फर्स्ट ईयर और सेकेंड ईयर प्राइवेट से की है। थर्ड ईयर में रेग्युलर होने की वजह से उनके फार्म नहीं खुल रहे थे। अब इनके भी फार्म खुलेंगे।
बढ़ सकती है डेट
परीक्षा समिति के फैसले के बाद विवि को परीक्षा फार्म की डेट एक बार फिर बढ़ानी पड़ सकती है। बैक को लेकर हुए निर्णय और सिंगल विषयों के लिए तीन दिन मिले हैं। फार्म अपलोड होने हैं। जिनके फार्म बाद में भरने शुरू हुए हैं, उनकी डेट बढ़ाई जा सकती है।
79 सेंटरों पर होगी सेमेस्टर परीक्षा
मेरठ। सीसीएसयू ने 10 जनवरी से होने वाली सेमेस्टर परीक्षा के सेंटर तय कर दिए हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल में 79 सेंटर बनाए गए हैं। मेरठ में नौ केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा सेंटरों की लिस्ट विवि ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।