मेरठ। मेरठ से एक से बढ़कर एक एथलीट अपनी प्रतिभा के दम पर मेरठ समेत पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं। यहां के पैरा एथलीट भी किसी से पीछे नहीं है। कई उभरते हुए युवा एथलीट अब अंतरराष्ट्रीय पटल पर छाने को तैयार हैं। ऐसी ही एक एथलीट सलावा निवासी दीपिका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छाने को तैयार है। वह पहली बार पेरिस में होने वाली पैरा ग्रैंड प्रिक्स में हिस्सा ले रही हैं और अब सितंबर में होने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनिशप में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।
वर्ल्ड पैरा ग्रैंड प्रिक्स का आयोजन पेरिस में हो रहा है। इसमें पूरे भारतवर्ष से कई पैरा एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें मेरठ से भी पैरा एथलीट दीपिका भी पहुंच चुकी हैं। वह अपनी रैंक में सुधार के लिए प्रतिभाग कर रही हैं। दीपिका की वर्तमान रैंक के अनुसार वह सितंबर में होनी वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैँपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। बस इसकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है। प्रतियोगिता में शाॅटपुट और भाला फेंक में प्रतिभाग करेंगी। दीपिका मेरठ के सलावा गांव की रहने वाली हैं और पिछले सात वर्षों से खेलों में भाग ले रही हैं। जन्म से ही पैरों से कमजोर होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद राह बनाई। वह कोच गौरव त्यागी से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही हैं। कई राष्ट्रीय खेलों में भी वह पदक प्राप्त कर चुकी हैं। मेरठ से पहली बार कोई पैरा एथलीट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग नहीं कर रहा है इससे पहले प्रीतिपाल पैरालंपिक में भी दो पदक प्राप्त कर चुकी हैं। जैनब खातून ने पावरलिफ्टिंग में एशियन गेम्स में, फातिमा ने जेवलिन और डिस्कस थ्रो में एशियन गेम्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया है। अब यह नई खिलाड़ी भी देश का नाम रोशन करने की तैयारी में है।
दीपिका की उपलिब्धयां
2023 खेलो इंडिया खेलों में प्रथम स्थान
2024 खेलो इंडिया खेलों में रजत पदक
2025 के खेलों में रजत पदक
2025 नेशनल खेलों में रजत पदक
5वें इंडिया ओपन पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में तीसरा स्थान
2022 के नेशलन खेलों में पहला स्थान