मेरठ। माल रोड पर सोमवार सुबह हाइटगेज से टकराकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों ने बताया कि श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे। चारों लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में रजाई गद्दे व टेंट के ऊपर बैठे थे।
हापुड़ के चमरी गांव निवासी रोहित (25) पुत्र अतर सिंह दौराला क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में रिश्तेदारी में आया था। सोमवार सुबह अख्तियारपुर गांव से ट्रैक्टर ट्राली में सभी लोग गढ़ गंगा मेले के लिए चले थे। इस दौरान ट्राली में रजाई, गद्दे के अलावा टेंट का सामान रखा था। ट्राली में भरे सामान पर परिवार के लोग बैठ गए। रुड़की रोड से जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली सैन्य क्षेत्र में माल रोड की ओर मुड़ी तो वह हाइटगेज से टकरा गई। इस दौरान ट्राली पर बैठे रोहित की गर्दन हाइटगेज में लगी और वह नीचे गिर गया। शालू, राधा और नीरू भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहां से गुजर रहीं अधिवक्ता स्मिता दीक्षित ने ट्वीट कर एंबुलेंस और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने घायलों को जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रोहित की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रोहित की मौत के बाद गंगा स्नान जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
लापरवाही से हो रहे हादसे
डेयरी फार्म तिराहा, माल रोड पर टैंक चौपला, साकेत चौपला स्थित माल रोड पर पहले भी हाइटगेज से हादसे होते रहे हैं। सभी हादसे लोगों की लापरवाही से हुए हैं। लोग वाहन की ऊंचाई का ध्यान नहीं रखते और हादसे हो जाते हैं। तीन साल पहले माल रोड पर टाटा मैजिक पर बैठे डीजेे संचालक की भी मौत हो गई थी।