कस्बा निवासी डेंगू पीड़ित युवक की मंगलवार देर रात आनंद अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत से गांव में गम का माहौल है।
कस्बे के वार्ड दो निवासी अतुल उर्फ मोनू (26) मजदूरी करता था। उसके पिता राजकुमार ने बताया कि अतुल मजदूरी करने मुजफ्फरनगर के फुगाना गया था। वहां से पांच दिन पहले घर लौटा तो उसे तेज बुखार था।
अतुल का मेरठ में उपचार कराया, मगर तबियत बिगड़ती चली गई। टेस्ट कराने पर चिकित्सकों ने डेंगू की पुष्टि की और उसे आनंद अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अतुल की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी सोनम, छोटे भाई शुभम और आशीष का रो-रोकर बुरा हाल था। अतुल की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी एक बेटी भी है। दो दिन बाद ही बेटी का जन्मदिन है। वह उसकी तैयारी में लगा था।