अवैध कब्जों के मामले गंभीरता से निपटाएं
सरधना/मवाना। अपर आयुक्त प्रशासन रजनीश राय ने शनिवार को सरधना और मवाना तहसीलों का निरीक्षण कर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालिका लिपिक को तहसील में बुलाकर रिकार्ड देखे और पालिका में अवैध कब्जों से संबधित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सरधना में अपर आयुक्त ने सबसे पहले एसडीएम कार्यालय, एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। यहां लंबित मामले अधिक नहीं मिलने पर संतोष जताया। एसडीएम अमित कुमार को पुराने मुकदमों में जल्द निर्णय करने के निर्देश दिए। तहसीलदार (न्यायिक) रामचंद्र ने कहा कि कुछ मामलों में अधिवक्ताओं की ज्यादा दखलंदाजी के कारण निस्तारण में देरी हो जाती है। नायब तहसीलदार ललित सिंह, अनिल मौर्य आदि मौजूद रहे।
वहीं मवाना में अपर आयुक्त शाम को पहुंचे। उन्होंने तहसील में रिकार्ड रूम में फसली खसरा की फाइलें नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। बताया गया कि फसली खसरा 2009 में स्क्रीनिंग के लिए मेरठ गया था। तब से वापस नहीं आया। उन्होंने रिकार्ड रूम में रख-रखाव, न्यायालय में लंबित व पुराने वादों का तेजी से निस्तारण करने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपर आयुक्त ने नगर पालिका पहुंचकर बजट के संबंध में जानकारी की। उन्होंने पानी की आपूर्ति के संबंध में सवाल जवाब किए। यह भी पूछा कि गोशाला में कितनी गाय हैं और कितना धन आवंटन किया गया है। अपशिष्ट प्रबंधन के निस्तारण के संबंध में निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी की। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।