संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव आलमगीरपुर में खेत में कीटनाशक दवाई के छिड़काव का विरोध करने पर किसान बृजमोहन पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रोहटा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बृजमोहन ने अपनी तहरीर में बताया कि मंगलवार को उसके खेत में खड़ी बाजरा की फसल पर पड़ोसी संजय पुत्र नत्थू ने कीटनाशक दवाई का छिड़काव कर दिया। इससे उसकी बाजरा की फसल खराब हो गई। जब बृजमोहन ने संजय का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की। खेत पर मौजूद किसानों ने उस समय मामला शांत करा दिया था। इसके बाद आरोपी संजय, रामअवतार, अनुज, अरुण, बबलू और सुमन ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर बृजमोहन के घर में घुस गए। उन्होंने लाठी-डंडों से बृजमोहन पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल बृजमोहन को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।