- डीएच मार्केट कॉलोनी में हादसा, कई सूखे पेड़ खड़े होने से व्यापारियों में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेस-वन की डीएच मार्केट कॉलोनी में रविवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सूखा पेड़ गिरने से बड़ा हादसा होते-होते बचा। पेड़ गिरने से दुकान के बाहर लगा टीन शेड टूट गया, पार्क की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और वहां खड़ी स्कूटी भी टूट गई। गनीमत रही कि पास में मौजूद एक महिला पेड़ की चपेट में आने से बच गई।
एक कॉलेज के पीछे स्थित पार्क में करीब 25 से 30 फुट लंबा सूखा पेड़ खड़ा था। पेड़ नीचे से गल चुका था। रविवार शाम बारिश के दौरान अचानक पेड़ धमाके के साथ पार्क की दीवार पर गिर गया। इसके बाद पेड़ पास में चिराग कंफेक्शनरी की दुकान चलाने वाले अनिल की दुकान के बाहर निकले टीन शेड पर जा गिरा। इससे टीन शेड टूट गया और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान एक युवक स्कूटी खड़ी कर दुकान से सामान लेने गया था। पेड़ उसकी स्कूटी पर गिर गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय व्यापारी दीपक सक्सैना ने बताया कि पार्क में कई अन्य सूखे पेड़ भी खड़े हैं, जो नीचे से गल चुके हैं। इन पेड़ों को हटवाने के लिए वन विभाग और मनोनीत पार्षद से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते सूखे पेड़ों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पेड़ों की जांच कराकर उन्हें हटवाने की मांग की है।