हत्या कर शव फेंका था सकौती में, आरोपी गिरफ्तार
दौराला। मटौर गांव के पास हाईवे पर स्थित ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया।
करीब 10 माह पहले मटौर गांव के पास हाईवे पर स्थित बांके बिहारी होटल पर रात में मेरठ से लौट रहा विशांत खाना खाने के लिए रुका था। जहां
खाने के पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें सलावा गांव निवासी विशांत की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने होटल संचालक और वहां काम करने वाले गांव खेड़ी रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर निवासी कमल कुमार पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव सकौती में फेंकने का मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से कमल फरार चल रहा था। मंगलवार देर रात पुलिस ने कमल के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार को कमल को जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस आरोपी होटल संचालक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।