लावड़। अंदावली मार्ग पर शुक्रवार सुबह बीटा गांव निवासी कुंवरपाल (32) का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। बृहस्पतिवार देर रात युवक घर से लावड़ जाने के लिए निकला था। सुबह शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद परिजनों को जानकारी दी।
इंचौली थाना क्षेत्र के बीटा गांव निवासी कुंवरपाल उर्फ लाला पुत्र वेदराम पांच भाइयों में सबसे छोटा था। भाई महक सिंह के मुताबिक, वह अविवाहित था और मेरठ स्थित एक निजी अस्पताल में कार्य करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह घर से लावड़ जाने की बात कहकर निकला था। वह शराब पीने का आदी था। देर रात तक भी वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने गांव में उसकी तलाश की। शुक्रवार सुबह किसान ने कुंवरपाल का शव सड़क किनारे देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को बताया कि कुंवरपाल का शव किसान दाता राम के खेत के पास सड़क किनारे पड़ा मिला है। युवक का शव अर्धनग्न हालत में था। मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने घटना की तहरीर दी है।