- कैंसर के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिले में कैंसर रोगियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत डे केयर कैंसर सेंटर खोलने की तैयारी की है। इसमें मरीजों को निशुल्क कीमोथेरेपी और जीवनरक्षक दवाओं की सुविधाएं मिलेंगी।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि डे केयर सेंटर में मरीजों को 24 घंटे कीमोथेरेपी कराने की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर ब्रेस्ट, ओरल और सर्वाइकल कैंसर मरीजों को जांच और इलाज की विशेष व्यवस्था इस सेंटर में मिलेगी। इस मामले में शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। ऐसा होने से कैंसर के मरीजों को राहत मिलेगी। अभी मेडिकल में हर रोज 15 से 20 मरीजों की कीमोथेरेपी की जाती है।
इस संबंध में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ने पत्र जारी किया है। यह सेंटर पहले से चल रहे कीमोथेरेपी केंद्र में खुलेगा या अलग, यह अभी तय नहीं है। शासन से स्पष्ट निर्देश आते ही नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया जाएगा।
एक लाख से पांच लाख तक की कीमो दवाएं मुफ्त
सरकार योजना के तहत कैंसर पीड़ितों को एक लाख से पांच लाख रुपये तक की कीमोथेरेपी दवाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराएगी। यही नहीं, विशेष बेड वाले डे केयर वार्ड में मरीजों को लगातार जांच और इलाज की सुविधा दी जाएगी।