- सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 जूडो टूर्नामेंट का सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में भव्य समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। कालंद चुंगी स्थित सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल में चल रहे सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 जूडो टूर्नामेंट 2025 का समापन किया गया। चार दिवसीय इस टूर्नामेंट में उत्तर भारत के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों के सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपने जुझारू खेल कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
टूर्नामेंट का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव डीएवी देहरादून को प्राप्त हुआ। लॉर्ड महावीरा एकेडमी सहारनपुर ने द्वितीय और देव मेमोरियल स्कूल, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में सीबीएसई ऑब्जर्वर पुनिश ठाकुर, टूर्नामेंट डायरेक्टर मनोज शर्मा, स्कूल के डायरेक्टर प्रीतीश कुमार सिंह, प्रबंधक शाल्विक जैन व शिवानी जैन, प्रधानाचार्य डॉ. रोहित मेहरा और आयोजक सचिव अरविंद शेरवालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंडर-11 बॉयज में देव मेमोरियल विजेता रही, जबकि सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल उपविजेता बना। अंडर-11 गर्ल्स में लॉर्ड महावीरा एकेडमी, बजाज इंटरनेशनल स्कूल, सहारनपुर विजेता रही।
अंडर-14 बॉयज में देव मेमोरियल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएवी देहरादून दूसरे नंबर पर रहा। अंडर-14 गर्ल्स में केएन मोदी स्कूल ने विजेता का ताज पहना, ग्लोबल इंटरनेशनल जीबी नगर दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बॉयज में डीएवी देहरादून ने पहला स्थान प्राप्त किया और देव मेमोरियल दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 गर्ल्स में डीएवी देहरादून ने बाजी मारी, गुरुकुल को दूसरा स्थान मिला। अंडर-19 बॉयज में डीएवी देहरादून प्रथम, लॉर्ड महावीरा द्वितीय रहा। अंडर-19 गर्ल्स में लॉर्ड महावीरा ने पहला स्थान हासिल किया, डीएवी देहरादून दूसरे स्थान पर रहा। ओवरऑल रैंकिंग में डीएवी देहरादून, लॉर्ड महावीरा एकेडमी, सहारनपुर, देव मेमोरियल स्कूल, गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ की टीम विजेता रही। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अतिथियों को शाॅल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों, टीम सचिवों और स्कूल स्टाफ की सराहना की गई।
डायरेक्टर प्रीतीश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना को विकसित करते हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। अंत में आयोजक सचिव अरविंद शेरवालिया ने सभी टीमों और उनके कोच को धन्यवाद दिया।