छात्रा के हत्यारोपी साकिब को रिमांड पर लेगी दौराला पुलिस
मेरठ। लुधियाना की रहने वाली छात्रा की हत्या के आरोपी साकिब उर्फ अमन को दौराला थाना पुलिस रिमांड पर लेगी। छात्रा की गर्दन, नकदी व जेवरात बरामद करना पुलिस के सामने चुनौती है। आरोपी शातिर है और उसने पहले भी वारदातें की हैं। इसका पता लगाया जाएगा।
दौराला थाना क्षेत्र के लोहिया गांव निवासी साकिब पर लुधियाना की छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर हत्या करने का आरोप है। 25 लाख नकद और 15 तोले सोने के जेवरात आरोपी हजम कर गया। एक साल बाद आरोपी साकिब बेनकाब हुआ है। पुलिस ने छात्रा की हत्या का खुलासा कर साकिब व उसके परिवार वालों को जेल भेज दिया। छात्रा की गर्दन, नकदी और जेवरात पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। जिसके चलते अभी हत्याकांड की विवेचना कमजोर पड़ रही है।
तंत्र-मंत्र का काम करता था साकिब
हत्यारोपी साकिब लुधियाना, करनाल सहित कई राज्यों में तंत्र-मंत्र का काम करता था। बताया जा रहा है कि इस दौरान साकिब ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद की है। इसकी भी जानकारी रिमांड के दौरान आरोपी साकिब से ली जाएगी। साकिब ने बहुत सारे लोगों के साथ ठगी भी की। छात्रा की हत्या के खुलासे के बाद यह जानकारी पुलिस को मिली है। बताया गया कि जेल में बंद साकिब से भी पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की है, लेकिन वह कुछ बताने को तैयार नहीं।
क्या बोले अधिकारी
सीओ दौराला जितेंद्र सरगम का कहना है कि साकिब शातिर अपराधी है। मामला लव जिहाद का भी बताया जा रहा है। दौराला पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। छात्रा की गर्दन, नकदी और जेवरात भी बरामद किए जाएंगे। सबूतों के आधार पर ही आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी।