देशी शराब ठेके के सेल्समैन की रविवार रात हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से वार करने के बाद सिर को ईंट से कुचल दिया गया। जिसके बाद शव समौली रोड पर झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने सोमवार सुबह शव बरामद करते हुए मोबाइल फोन से शिनाख्त की। पुलिस रंजिश के चलते किसी करीबी का हाथ मानकर चल रही है।
गांव टोड़ा नजीरपुर, मुजफ्फरनगर निवासी रविंद्र (44) पुत्र जयपाल दौराला थाने के पास स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन था। जो रात को ठेके में ही सोता था। सोमवार सुबह समौली रोड़ स्थित दौराला सीएचसी के पास झाड़ियों में अस्पताल के एक कर्मचारी ने शव पड़ा देखा। सूचना पर दौराला इंस्पेक्टर परशुराम मौके पर पहुंचे। तलाशी में कपड़ों से कुछ रुपये और एक मोबाइल फोन मिला। इंस्पेक्टर ने मोबाइल फोन में लास्ट डायल नंबर पर कॉल की तो उसे वलीदपुर निवासी ठेके पर सेल्समैन रवि ने रिसीव किया। इंस्पेक्टर ने उसे मौके पर बुलाया तो रवि ने शव की शिनाख्त रविंद्र के रूप में की।
रविंद्र ने बुलाया था मुझे
रवि ने बताया कि रविवार रात रविंद्र ने उसे कॉल कर दौराला बुलाया था। रात करीब दस बजे वह दौराला पहुंचा तो रविंद्र का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। ठेके पर भी ताला लगा था। काफी इंतजार के बाद वह घर चला गया था। सूचना पर पहुंचे शराब ठेके के इंचार्ज रंजीत ने दौराला थाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चार दिन हुए थे ठेके पर
रंजीत ने बताया कि रविंद्र पहले दौराला के बीयर ठेके पर काम करता था, जिसे दो माह पूर्व हटा दिया गया था। चार दिन पहले ही उसे दौराला के देशी शराब के ठेेके पर सेल्समैन रखा गया था।
हत्या में किसी करीबी का हाथ:
पुलिस के अनुसार रविंद्र की गर्दन के पास धारदार हथियार और सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए गए। ठेके पर जाकर जांच की गई तो वहां फर्श पर दो लोगों का खाना लगा था। साफ है कि रात को रविंद्र के साथ कोई करीबी था। लेकिन दोनों ने ही खाना नहीं खाया। ठेके से करीब 12 हजार रुपये भी गायब मिले। पुलिस ने आसपास के बीयर और अंग्रेजी शराब ठेके के सेल्समैनों और कैंटीन संचालकों से पूछताछ की। कुछ ने बताया कि रविंद्र के साथ रात को एक पतला सा युवक देखा था। लेकिन कोई उसे नही जानता।
परिजनों में कोहराम
रविंद्र की हत्या की खबर के बाद उसकी पत्नी राजेश व बेटों अवधेश (10) और महेश (14) का रो रोकर बुरा हाल था। मौके पर परिजन और ग्रामीण पहुंचे और मामले की जानकारी ली।