बढ़ रहे मामले
एनसीआरबी के आंकड़े देखें या थानों में दर्ज शिकायतों का रजिस्टर उठाकर देखें तो दुष्कर्म के मामलों में लगातार इजाफा हुआ है। उसमें भी करीबियों द्वारा ऐसी गलत हरकत करने वाले मामले अधिक है। लगातार ये मामले बढ़ रहे हैं। -शुचिता गौड़, शिक्षिका तेजगढ़ी
उठने लगा भरोसा
एक पढ़े लिखे परिवार के पुरुष इस तरह गलत हरकत करेंगे तो समाज में अशिक्षितों और शिक्षितों में क्या अंतर रहेगा। रोजाना ऐसी घटनाएं देखकर अपनों से ही लोगों का भरोसा उठने लगा है। लोग छोटी बच्चियों को घर पर अकेला नहीं छोड़ते न ही किसी को खिलाने देते हैं। -आरती सिंघल, बेगमबाग
संस्कारों में आई कमी
युवाओं के संस्कारों में कमी का ही नतीजा है कि हमारा समाज इतना असुरक्षित हो रहा है। घर के बाहर ही नहीं घरों में भी बेटियां, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बचपन से ही बेटों को सही संस्कार देने की जरूरत है। - नीरा सेठी बेगमपुल
छात्रा से छेड़छाड़ कर अपहरण की कोशिश, भीड़ ने एक आरोपी दबोचा
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूल जा रही छात्रा से चार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर अपहरण करने की कोशिश की। इस दौरान छात्रा की पिटाई कर दी गई। भीड़ ने एक आरोपी को पीटकर पुलिस को सौंप दिया, जबकि तीन आरोपी भाग निकले। उसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार क्षेत्र की निवासी यह छात्रा एक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि पड़ोस का रहने वाला एक किशोर उसे बीस दिन से परेशान कर रहा था। आते-जाते समय अपने साथियों के साथ परेशान करता था। डर के चलते वह कई दिनों तक स्कूल नहीं गई।
सोमवार को परिजनों ने छात्रा को स्कूल भेजा। आरोप है कि किशोर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर छात्रा को रास्ते में रोक लिया। छेड़छाड़ करते हुए अपहरण की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की। शोर मचने पर आसपास के लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने गई। बाद में छात्रा ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को बताया। छात्रा का पिता अन्य लोगों को लेकर आरोपी के घर पहुंचा और बेटी से छेड़छाड़ का विरोध जताया। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें छात्रा के पिता के अलावा पड़ोस की रहने वाली दो महिलाएं और आरोपी पक्ष से एक व्यक्ति घायल हो गया। छात्रा के पिता ने आरोपी पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि मामला छेड़छाड़ का नहीं है। न ही छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा था। दोनों पक्षों का पुराना विवाद है। मारपीट का मामला है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/