पिछले दो माह के भीतर मेरठ में पांच ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें प्रेम-प्रसंग को लेकर लड़कियां लापता हुई हैं वहीं परिजनों के बीच खूनी रंजिश शरू हो गई है। वहीं पुलिस भी ऐसे मामले में कुछ नहीं कर पा रही है।
मेरठ में प्रेम-प्रसंग या एक तरफा प्यार में परिवारों के बीच खून-खराबा हो रहा है। हाल ही के दो महीनों में मेरठ में पांच ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें प्रेम-प्रसंग को लेकर लड़कियां लापता हुई और परिवारों के बीच में खूनी रंजिश शुरू हो गई। इनमें मां-बेटी समेत चार लोगों की जान भी गई है।
विज्ञापन
हाल ही में जानी थाना क्षेत्र के गांव किठौली निवासी आशीष सांगवान ने एक महिला से चल रहे प्रेम प्रसंग के चलते अपनी पत्नी ज्योति और दो साल की बेटी भव्या की हत्या कर गंगनहर में फेंक दिया था।
इंचौली थाना क्षेत्र के गांव पबला में गांव के ही युवक अरुण द्वारा बहन को साथ ले जाने पर युवती के भाई ने अरुण के पिता सुमित की हत्या कर दी थी। वहीं, मुंडाली में भी एक युवक ने प्रेमिका के भाई अनिल को मौत के घाट उतार दिया। एक तरफा प्यार में मवाना में एक युवक ने भरी बस में छात्रा को गोली मार दी थी हालांकि छात्रा की जान बच गई है और युवक अभी जेल में है।
परीक्षितगढ़ खजूरी गांव में दीपक त्यागी की गर्दन काट दी गई थी। युवक के धड़ को पुलिस ने बरामद कर लिया था, लेकिन उसका सिर नहीं मिलने पर पीड़ित परिजनों ने कई दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था। कई दिनों बाद पुलिस ने युवक के सिर को एक गड्ढे से बरामद किया था। पुलिस ने बताया था कि दीपक की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है।